लाव-लश्कर के साथ CM हाउस पहुंचे सिंधिया; मंत्रिमंडल, निगम मंडल में नियुक्ति पर शिवराज के साथ बैठक

Posted By: Himmat Jaithwar
12/11/2020

भाजपा के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल पहुंच गए हैं। वे एयरपोर्ट से करीब 40 गाड़ियों के काफिले के साथ CM हाउस पहुंचे। जिस तरह से मंत्रिमंडल विस्तार में विलंब हो रहा है, उससे लगता है कि सिंधिया ने अपने मंत्री, पूर्व मंत्री व भाजपा में शामिल हुए नेताओं के साथ सीएम हाउस पहुंचकर ताकत दिखाई है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा भी CM हाउस पहुंच गए हैं। जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ तीनों नेताओं की बैठक है। माना जा रहा है कि बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी, मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-मंडल में नियुक्तियों को लेकर निर्णय हो सकते हैं। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली में राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात की थी। 12 दिन में यह दूसरा मौका है, जब सिंधिया सीएम हाउस पहुंचे हैं। उपचुनाव के एक माह बाद भी मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो पाया है। दो पूर्व मंत्री तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को शिवराज कैबिनेट में शामिल होने का इंतजार करना पड़ रहा है।

सिंधिया समर्थक पहुंचे सीएम हाउस

तुलसी सिलावट,गोविंद राजपूत, प्रद्युमन सिंह तोमर, इमरती देवी, प्रभुराम चौधरी, महेंद्र सिसोदिया,ओपीएस भदोरिया, मुन्नालाल गोयल, जजपाल सिंह जज्जी, एदल सिंह कंषाना, , गिर्राज दंडोतिया ,गिरीश शर्मा और कृष्णा घाड़गे सीएम हाउस पहुंचे हैं। इसके अलावा मंत्री हरदीप सिंह डंग और पूर्व मंत्री सरजात सिंह भी सीएम हाउस में मौजूद हैं।

शिवराज- सिंधिया जाएंगे शाजापुर

शिवराज और सिंधिया दोपहर 2 बजे भोपाल से शाजापुर जाएंगे। सीएम हाउस के सूत्रों ने बताया कि शाजापुर में वे नगरपालिका के विकास कार्यों का भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5 बजे इंदौर जाएंगे। जहां हाटपिपल्या विधायक मनोज की बेटी के विवाद समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6 बजे भोपाल लौट आएंगे, जबकि सिंधिया दिल्ली रवाना हो जाएंगे।



Log In Your Account