पत्नी की हत्या कर पुलिस कस्डटी से भागा आरोपी वकील 6 घंटे तक 350 पुलिसकर्मियों को छकाता रहा, 8 किमी दूर धराया

Posted By: Himmat Jaithwar
12/5/2020

जबलपुर। संदेह को लेकर हुए विवाद में पत्नी की हत्या करने वाला वकील राजा विश्वकर्मा शुक्रवार देर रात आरक्षक को धक्का देकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस की नींद उड़ गई। उसकी घेराबंदी में अधिकारियों ने शहर के 350 पुलिसकर्मियों को उतार दिया। छह घंटे तक वह पुलिस को छकाता रहा। वह छिपते-छिपाते आठ किमी दूर परसवाड़ा बहन के घर पहुंचा था। वहां सिविल में खड़ी पुलिस ने उसे दबोच लिया।

सवा तीन बजे हुआ फरार
गलगला निवासी वकील राजा उर्फ चंद्रदीप विश्वकर्मा ने शुक्रवार को घरेलू विवाद में पत्नी मोनिका उर्फ राजश्री (27) की हत्या कर दी थी। पुलिस ने उसे पिता के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया था। रात सवा तीन बजे पूछताछ के बाद आरक्षक प्रमोद मिश्रा उसे लॉकअप में ले जा रहा था। TI कक्ष से लॉकअप दूर है। उसी दौरान वह आरक्षक को धक्का देकर भाग गया। आरक्षक के शोर मचाने पर पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन वह भाग निकला।

पूरे शहर की घेराबंदी
खबर मिलते ही हड़कंप मच गया। SP सिद्धार्थ बहुगुणा, ASP सिटी अमित कुमार के साथ सभी वरिष्ठ अधिकारी थाने पहुंचे। इसके बाद शहर की त्रिस्तरीय घेराबंदी की गई। पहले दो किमी के एरिया को घेरा गया। घमापुर, बल्देवबाग, रानीताल, गोहलपुर, आगा चौक सहित सारे मार्गों पर पुलिस बल और चीता आरक्षकों की फिक्स ड्यूटी लगाई गई। बावजूद वह सुबह आठ बजे तक हाथ नहीं आया।

पिता श्यामलाल और उनकी पत्नी के बयान दर्ज करते हुए पुलिस।
पिता श्यामलाल और उनकी पत्नी के बयान दर्ज करते हुए पुलिस।

पिता की मदद से फिर पकड़ा गया
राजा विश्वकर्मा के पिता श्यामलाल विश्वकर्मा की मदद से ही दूसरी बार भी पुलिस उसे छह घंटे बाद पकड़ पाई। SP ने रात में ही उसके रिश्तेदारों के घरों के आसपास पुलिस बल लगा दिए। पिता श्यामलाल ने बताया कि उनकी चार बेटियों में परसवाड़ा में रहने वाली बेटी सिद्धात्री के वह काफी करीब था। पुलिस ने वहां भी बल लगा दिया। सुबह आठ बजे जैसे ही राजा वहां पहुंचा। वहां मौजूद टीम ने दबोच लिया। इसके बाद उसे कोतवाली थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।

ऐसे तय किया आठ किमी का सफर
राजा कोतवाली में पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद दरहाई स्थित हनुमान मंदिर में घुस गया था। वहां से निकल कर पीछे टूटी बिल्डिंग में घुस गया। यहां दीवार फांदते समय गिर गया, तो पैर में चोट आ गई। पुलिस का टॉर्च देखकर वह टूटी बिल्डिंग के बाथरूम में छिप गया। जब पुलिस निकल गई, तो दरहाई से होते हुए विजय नगर क्षेत्र में खेतों से होकर वह सुबह आठ बजे परसवाड़ा में रहने वाली सिद्धात्री के घर पहुंचा। वहां बाहर ऑटो में पुलिस पहले से बैठी थी। तुरंत उसे दबोच लिया।

मोनिका उर्फ राजश्री की जीवित अवस्था की फोटो।
मोनिका उर्फ राजश्री की जीवित अवस्था की फोटो।

18 जून को हुई थी शादी
गलगला तिराहा निवासी राजा उर्फ चंद्रदीप पेशे से वकील है। 18 जून 2020 को उसने मंदिर में बढ़ई मोहल्ला फूटाताल निवासी पैर से दिव्यांग मोनिका उर्फ राजश्री से प्रेम विवाह किया था। राजा ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि पत्नी मोनिका उसके चरित्र पर संदेह करती थी। इस कारण शादी के कुछ दिनों बाद ही दोनों में विवाद होने लगा था।

गुरुवार रात में भी हुआ था विवाद

गुरुवार रात ढाई बजे उनके बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था, तब भी उसने पत्नी के साथ मारपीट की थी। तीसरी मंजिल पर रहने वाले पिता श्यामलाल और मां ने बीच-बचाव किया, तो विवाद शांत हो गया था। शुक्रवार शाम पौने चार बजे वह फिर पत्नी से विवाद करते हुए मारपीट करने लगा। गुस्से में लोहे के डम्बल के कटे भाग से मोनिका के सिर पर वार कर मार डाला था। बेटे की करतूत सुनकर श्यामलाल पहुंचे और उसे कमरे में बंद कर पुलिस को खबर कर दी थी।
फरार कैसे हुआ जांच होगी
आरोपी राजा विश्वकर्मा के थाने से फरार होने के मामले की जांच कराएंगे। उसकी फरारी के प्रकरण में धारा 224 का मामला दर्ज किया गया है। पत्नी की हत्या करने पर धारा 302 पहले से दर्ज है। छह घंटे बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सिद्धार्थ बहुगुणा, SP, जबलपुर



Log In Your Account