एमपी में 9वीं से 12वीं की रेगुलर क्लास 20 नवंबर और छठवीं से आठवीं की क्लास 1 दिसंबर से लगाने की तैयारी

Posted By: Himmat Jaithwar
11/14/2020

मध्य प्रदेश में कोरोना के चलते आठ महीने से बंद स्कूल 20 नवंबर से खोलने की तैयारी है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इसकी नोटशीट मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी है। शिक्षा विभाग की नोटशीट के मुताबिक, 9वीं से 12वीं तक की क्लास 20 या 25 नवंबर से शुरू की जा सकती हैं। कक्षा 6 से 8 तक की क्लास 1 दिसंबर से शुरू करने की बात कही गई है। हालांकि, स्कूल पूरी क्षमता के साथ नहीं चलेंगे। हर क्लास में बच्चों की संख्या भी तय की जाएगी।

शिक्षा विभाग ने प्रस्ताव दिया है कि मिडिल और हाईस्कूल सप्ताह में छह की जगह चार दिन खोले जा सकते हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने भास्कर से कहा- हाईस्कूल कुछ गाइडलाइन के साथ 20 से 25 नवंबर के बीच खोलने की तैयारी है। मिडिल स्कूल 1 दिसंबर से खोलने के लिए विभाग सहमत है। हालांकि, इस पर आखिरी फैसला मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही लेंगे। प्राइमरी कक्षाओं पर फैसला पैरेंट्स से चर्चा के बाद होगा।

अभी 9वीं से 12वीं की क्लास चल रही हैं
मध्यप्रदेश में कोरोना के चलते मार्च से स्कूल बंद हैं। अनलॉक 4 के दौरान 21 सितंबर से केवल 9वीं से 12वीं तक के स्कूल आंशिक रूप से खोलने का फैसला किया गया था। इसके लिए पैरेंट्स की सहमति जरूरी की गई थी। अभी एक क्लास में 12 से अधिक बच्चों को नहीं बैठाया जा रहा है। बच्चे एक या दो घंटे के लिए ही स्कूल आ रहे हैं। जबकि, पहली से आठवीं तक की क्लास ऑनलाइन ही चल रही हैं।

    30 नवंबर तक नहीं खुलेंगे प्राइमरी-मिडिल स्कूल
    प्रदेश में पहली से आठवीं तक के निजी और सरकारी स्कूल 30 नवंबर तक बंद रहेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग ने गुरुवार को आदेश जारी कर इन स्कूलों में 30 नवंबर तक छुट्टी घोषित कर दी है।

    दूसरे राज्यों में स्कूलों की स्थिति

    • दिल्ली: उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि कोविड-19 के मद्देनजर दिल्ली के स्कूल फिलहाल बंद रहेंगे। पैरेंट्स भी स्कूल खोलने के पक्ष में नहीं हैं।
    • आंध्र प्रदेश: मुख्यमंत्री वाईएस जगन रेड्डी ने पिछले महीने कहा था कि कोरोना की स्थिति को देखकर स्कूल खोले जाएंगे। राज्य में स्कूल 2 नवंबर से शुरू हो गए हैं।
    • महाराष्ट्र: यहां दीपावली के बाद स्कूल खोले जा सकते हैं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि हम सभी एहतियाती कदम उठाते हुए दीपावली के बाद स्कूल खोलने पर विचार कर रहे हैं।
    • पश्चिम बंगाल: ममता सरकार ने 1 दिसंबर से स्कूल खोलने का फैसला किया है। राज्य सरकार 30 नवंबर तक स्कूल बंद रखने की बात कह चुकी है।
    • गोवा: स्कूल 21 नवंबर से खुल जाएंगे। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि 10वीं से 12वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए स्कूल खोले जाएंगे।
    • तमिलनाडु: राज्य में 16 नवंबर से स्कूल खोलने का फैसला लिया गया है।

    मप्र में कॉलेज 1 दिसंबर से खुलेंगे
    मध्य प्रदेश के कॉलेज 1 दिसंबर से खोलने की तैयारी है। उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने बताया- कक्षाओं में प्रोफेसर के साथ विद्यार्थी नियमित तौर पर क्लास अटैंड करेंगे। उच्च शिक्षा विभाग के सरकारी और प्राइवेट कॉलेजों में यूजी और पीजी में एडमिशन के लिए एक और फेज की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। यह ऑनलाइन एडमिशन का पांचवां फेज होगा।



    Log In Your Account