टोक्यो ओलिंपिक का नया शेड्यूल जारी, अगले साल 23 जुलाई से 8 अगस्त तक होंगे गेम्स; 7 दिन पहले टाले गए थे

Posted By: Himmat Jaithwar
3/30/2020

कोरोनावायरस की वजह से एक साल टाले गए टोक्यो ओलिंपिक का नया शेड्यूल जारी हो गया है। अब यह गेम्स 2021 में 23 जुलाई से 8 अगस्त तक होंगे। वहीं, पैरालिंपिक खेल 24 अगस्त से 5 सितंबर के बीच होंगें। टोक्यो 2020 के प्रमुख योशिरो मोरी ने अचानक बुलाई गई प्रेस कांफ्रेंस में कहा- मैंने आईओसी चीफ थॉमस बाक से बातचीत की है। हम इस बात पर राजी हुए कि जैसे इस साल यह गेम्स गर्मियों में होने थे, ठीक उसी तरह 2021 में भी होंगे। इससे खिलाड़ियों को तैयारियों और क्वालिफिकेशन का मौका मिल जाएगा। ये गेम्स इस साल 24 जुलाई से 9 अगस्त तक होने थे। लेकिन कोरोनावायरस के कारण कई देशों ने ओलिंपिक में हिस्सेदारी से इनकार कर दिया था। दबाव बढ़ने पर जापान और अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक संघ ने इसे 1 साल आगे बढ़ा दिया था।  

अब तक 57 फीसदी खिलाड़ियों ने ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। आईओसी ने कहा है कि जिन खिलाड़ियों ने 2020 ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया है, उनकी जगह 2021 ओलिंपिक में भी पक्की है। आईओसी और 32 वर्ल्ड फेडरेशन के बीच बीते हफ्ते टेली कॉन्फ्रेंस से हुई बैठक में यह फैसला लिया गया था। बैठक में शामिल एक अधिकारी ने कहा था- आईओसी अध्यक्ष थॉमस बाक ने सबसे पहले ओलिंपिक टलने के कारणों के बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी क्वालिफाई कर चुके हैं, वे 2021 ओलिंपिक में भी उतर सकेंगे।

मैराथन और रेस वाक फिर टोक्यो में हो सकती है
मैराथन और रेस वॉक के इवेंट टोक्यो में हो सकते हैं। यहां के लोग चाहते हैं कि इवेंट यहीं हों। पिछले साल ओलिंपिक कमेटी ने एथलीट को गर्मी से बचाने के लिए इवेंट को सापोरो में कराने का फैसला किया था। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, जापान तैयारियों पर अब तक 12.6 अरब डॉलर खर्च कर चुका है। कुल अनुमानित खर्च इसका दो गुना यानी करीब 25 अरब डॉलर है। ओलिंपिक में 11000 से अधिक खिलाड़ियों के उतरने की संभावना है।

124 साल के इतिहास में पहली बार ओलिंपिक टाले गए
24 मार्च को आईओसी ने ओलिंपिक को 1 साल टालने का फैसला किया था। यह पहला मौका नहीं है, जब टोक्यो में होने वाले ओलिंपिक को टाला गया। 1940 में इस शहर को पहली बार इन खेलों की मेजबानी मिली थी। लेकिन, चीन से युद्ध की वजह से यह गेम्स रद्द हो गए थे। 124 साल के इतिहास में ओलिंपिक 3 बार रद्द हुए हैं और पहली बार टले हैं। पहले विश्व युद्ध के चलते बर्लिन (1916), टोक्यो (1940) और लंदन (1944) गेम्स को कैंसिल करना पड़ा था।



Log In Your Account