दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा- स्कूल गरीब बच्चों को ऑनलाइन क्लास के लिए गैजेट्स और इंटरनेट कनेक्शन दें; देश में अब तक 52.19 लाख मामले

Posted By: Himmat Jaithwar
9/18/2020

दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को कोरोना संकट के दौरान ऑनलाइन पढ़ाई को लेकर बड़ा आदेश दिया है। कोर्ट ने प्राइवेट और सरकारी स्कूलों को आदेश दिया है कि वह अपने यहां पढ़ने वाले गरीब बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए गैजेट्स और इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध कराएं। प्राइवेट स्कूल इसके लिए राज्य सरकार से शुल्क ले सकेंगे। कोर्ट ने कहा, '' कोरोना के बीच बच्चों की पढ़ाई न रुके इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। जिन बच्चों के पास ऑनलाइन एजुकेशन की सुविधा नहीं है उन्हें स्कूल और सरकार मिलकर यह सुविधाएं उपलब्ध कराएं।''

मरीजों का आंकड़ा 52.19 लाख से ज्यादा

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 52 लाख 19 हजार 211 हो गया है। इनमें 41 लाख 12 हजार 233 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 लाख 21 हजार 807 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 84 हजार 434 लोगों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।

गंभीर मरीजों के मामले में भारत दूसरे नंबर पर

वेंटिलेटर या आईसीयू में भर्ती मरीजों के मामले में भारत दुनिया में दूसरे नंबर पर है। सबसे ज्यादा ऐसे मरीज अमेरिका में हैं। तीसरे नंबर पर ब्राजील है। हालांकि, रूस में भारत की तुलना में एक चौथाई गंभीर मरीज ही हैं। दुनियाभर में 61 हजार 275 गंभीर मरीज हैं। राहत की बात यह है कि देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 10 लाख 17 हजार 717 है। इस तरह गंभीर मरीजों का प्रतिशत महज 0.87 है।

कोरोना अपडेट्स

  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि गुरुवार को 10 लाख 6 हजार 615 सैंपल की जांच की गई। वहीं, अब तक 6 करोड़ 15 लाख 72 हजार 343 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 96 हजार 424 मरीज बढ़े और 1,174 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ देश में संक्रमितों की संख्या अब 52 लाख 14 हजार 678 हो गई है। वहीं, एक्टिव केस 10 लाख 17 हजार 754 हैं और 41 लाख 12 हजार 552 लोग स्वस्थ हो गए हैं। इसके साथ देश में मरने वालों का आंकड़ा 84 हजार 372 पर पहुंच गया है।




Log In Your Account