अब तक 1 लाख 45 हजार मौतें: ट्रम्प का कुछ राज्यों से पाबंदियां हटाने का ऐलान, संक्रमण रोकने के लिए अभियान चलाने पर ब्राजील के मंत्री हटाए गए

Posted By: Himmat Jaithwar
4/17/2020

वॉशिंगटन. दुनियाभर में कोरोना संक्रमण से अब तक 1 लाख 45 हजार 515 मौतें हो चुकी हैं। पांच लाख 46 हजार से ज्यादा मरीज स्वस्थ्य भी हुए हैं। इससे सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका है, जहां 6 लाख 77 हजार 570 पॉजिटिव केस मिले हैं और 34 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई हैं। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को कुछ राज्यों से पाबंदियां हटाने का ऐलान किया। उन्होंने राज्यों के गर्वनरों के साथ बात करने के बाद यह घोषणा की। इसके लिए नई गाइडलाइन बनाई गई है। इसके मुताबिक, कम संक्रमण वाले इलाकों में शनिवार से पाबंदियों में धीरे-धीरे ढील दी जाएगी। जहां ज्यादा मरीज मिल रहे हैं, वहां पाबंदियां पहले की तरह लागू रहेंगी। हालांकि, ट्रम्प ने कहा है कि इस पर फैसला राज्यों के गवर्नर लेंगे। वहीं, ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने संक्रमण रोकने के लिए अभियान चलाने पर स्वाथ्य मंत्री लुइज हेनरिक मैन्डेटा को हटा दिया। बोल्सोनारो देश में संक्रमण रोकने के लिए पाबंदियां लागू करने के पक्ष में नहीं थे।

ब्राजील के मैनोस स्थित एक अस्पताल में गुरुवार को लोगों को समझाती एक स्वास्थ्यकर्मी।

मैन्डेटा को स्वास्थ्य मंत्री के पद से हटाने के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने समय को देखते हुए एक डॉक्टर की तरह जो भी करना था, किया। आइसोलेशन एक हकीकत बन गया, लेकिन हम ऐसे निर्णय नहीं ले सकते, जिससे काम पूरी तरह तबाह हो जाए। इससे पहले बोल्सोनारो ने कोरोना को एक मामूली फ्लू जैसी बीमारी बताया था। 

न्यूयॉर्क में इमिग्रेंट लेबर्स के लिए 200 करोड़ के फंड का ऐलान

न्यूयॉर्क में संक्रमितों की संख्या 2 लाख 26 हजार 198 पहुंच गई है और 16 हजार 106 मौतें हुई हैं। इस बीच न्यूयॉर्क सिटी के मेयर बिल डी ब्लासियो ने प्रवासी मजदूर और उनके परिवार के लिए 20 मिलियन डॉलर (करीब 200 करोड़ रुपए) के फंड की घोषणा की । इससे 20 हजार से ज्यादा मजदूरों को फायदा होगा। इस फंड की घोषणा ओपन सोसाइटी फाउंडेशन के साथ मिलकर की गई है। न्यूयॉर्क में 15 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमने कोरोना पर काबू पा लिया है। संक्रमण की दर में गिरावट देखी जा रही है। इसके बावजूद हम ऐहतियात बरतेंगे। वायरस न फैले, इसके लिए कड़ाई से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा। क्यूमो ने कहा कि अकेले न्यूयॉर्क में कैलिफोर्निया, फ्लोरिडा और मिशिगन से ज्यादा कोरोना टेस्ट किए गए हैं। हमने बीते एक महीने में करीब 5 लाख टेस्ट किए हैं।

न्यूयॉर्क सिटी की घुड़सवार पुलिस ने स्वास्थ्यकर्मियों को उनकी सेवाओं के लिए धन्यवाद दिया।

यूरोप में सबसे ज्यादा मौतें इटली में हुईं
यूरोप में कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें इटली में ही हुई हैं। यहां अब तक 22 हजार से ज्यादा लोग दम तोड़ चुके हैं। वहीं, संक्रमितों की संख्या भी 1 लाख 68 हजार से ज्यादा है। यूरोप में सिर्फ स्पेन(182,816) ही इस मामले में उससे आगे है। फ्रांस में संक्रमितों की संख्या 1 लाख 47 हजार से ज्यादा है जबकि मृतकों का आंकड़ा 17 हजार 167 है। 

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 6 लाख 74 हजार 585 34 हजार 458 57 हजार 232
स्पेन 1 लाख 82 हजार 816 19 हजार 130 74 हजार 797
इटली  1 लाख 68 हजार 941 22 हजार 170 40 हजार 164
फ्रांस 1 लाख 65 हजार 027 17 हजार 920 32 हजार 812
जर्मनी 1 लाख 36 हजार 569 3 हजार 943 77 हजार 
ब्रिटेन 1 लाख 3 हजार 093 13 हजार 729 उपलब्ध नहीं
चीन 82 हजार 341 3 हजार 342 77 हजार 892
ईरान 77 हजार 995 4 हजार 869 52 हजार 229
तुर्की  69 हजार 392 1 हजार 518 5 हजार 674
बेल्जियम 34 हजार 809 4 हजार 857 7 हजार 562

ब्रिटेन: लॉकडाउन की मियाद 3 हफ्ते और बढ़ी

ब्रिटेन में कोरोना पर काबू पाने के लिए सरकार ने लॉकडाउन की मियाद तीन हफ्ते और बढ़ा दी है। यहां 25 दिन पहले लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। इसमें से 21 दिन तो प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अस्पताल और आइसोलेशन में ही रहे। फिलहाल वे स्वस्थ हो रहे हैं। देश में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख से ज्यादा हो गई है। यहां 3 लाख 27 हजार 608 लोगों के कोरोना टेस्ट हुए। इसमें से 1 लाख 3 हजार से ज्यादा पॉजिटिव पाए गए हैं। यूके के अस्पतालों में अब तक 13 हजार 729 लोगों ने इस वायरस की वजह से दम तोड़ा है। 



Log In Your Account