तीन आरोपियों ने दो घरों में घुसकर किया हमला; एक युवक की मौत, दो महिला गंभीर

Posted By: Himmat Jaithwar
6/15/2021

जबलपुर। साईं नगर रामपुर में नाली विवाद में सोमवार की देर रात 28 साल के युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। 3 की संख्या में पहुंचे आरोपियों ने घर में घुस कर वारदात को अंजाम दिया। बीच-बचाव करने पहुंची युवक की पत्नी को भी घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी थोड़ी दूरी पर रहने वाले उसके रिश्तेदार के घर पहुंचे। वहां भी 24 साल की महिला और उसके 5 साल के बेटे पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान महिला का पति बचाने दौड़ा तो आरोपियों ने लाठी से उसकी भी पिटाई कर दी और भाग निकले। तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

रामपुर साईंनगर निवासी पुष्पराज कुशवाहा (28) मजदूरी करता है। 18 मई को नाली के पानी बहने को लेकर उसका पड़ोसी विनय कुशवाहा से विवाद हुआ था। तब पुष्पराज और उसके पक्ष के तीन अन्य लोगों ने विनय कुशवाहा के परिवार के साथ मारपीट कर दी थी। इस मामले में गोरखपुर पुलिस ने मारपीट व प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी।

इसी रंजिश में हत्या की वारदात को दिया अंजाम
मारपीट की रंजिश को लेकर बदला लेने की नीयत से विनय कुशवाहा, राजा कुशवाहा और रवि कुशवाहा के साथ सोमवार रात पौने 11 बजे पुष्पराज के घर में घुस गया। तीनों चाकू व लाठी-डंडे से लैस थे। तीनों ने पुष्पराज को चाकू से गोद डाला। बचाने पहुंची पत्नी आरती पर भी चाकू से वार कर घायल कर दिया। इसके बाद तीनों आरोपी थोड़ी दूरी पर रहने वाले पुष्पराज के साढ़ू गोलू कुशवाहा के घर पहुंचे। तीनों ने घर में घुसकर गोलू को लाठी-डंडे से तो पत्नी रूचि कुशवाहा (24) और बेटे प्रतीक (5) पर चाकू से वार कर घायल कर दिया।

चाकू लहराते हुए फरार हाे गए तीनों आरोपी
बदमाशों ने दो घरों में घुसकर लगभग 20 मिनट तक खूनी खेल खेला। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग बीच-बचाव को पहुंचे तो आरोपी चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सभी घायलों को पड़ोसियों की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने पुष्पराज को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी पत्नी आरती, रिश्तेदार रूचि और उसका बेटा प्रतीक को भर्ती कर लिया गया है। उनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।

एक घंटे बाद पुलिस को लगी खबर
घटना के लगभग एक घंटे बाद रात 12 बजे के लगभग गोरखपुर पुलिस को वारदात की जानकारी लगी। हत्या की खबर मिलते ही CSP गोरखपुर आलोक शर्मा, ASP साउथ गोपाल खांडेल, TI सारिका पांडे और FSL की टीम पहुंची थी। दोनों घरों में FSL की टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। मामले में रवि कुशवाहा की शिकायत पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

क्या है पूरा विवाद

आरोपी विनय, राजा रवि कुशवाहा और पीड़ित पक्ष पड़ोसी हैं। सभी की घर से निकलने वाली नाली का पानी घर के आगे कॉमन नाली में गिरता है। पीड़ित पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया था कि आरोपी पक्ष की ओर से नाली में कूड़ा वगैरह डाल दिया जाता है जिससे नाली का पानी ओवर फ्लो होकर उसके घर में घुस जाता है। इस बात को लेकर पहले मारपीट हुई थी।

नाली विवाद में जबलपुर में हो चुकी है 9 लोगों की हत्या
जबलपुर में नाली विवाद में खूनी खेल का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 12 अक्टूबर 2009 में गढ़ा के सैनिक सोसायटी में नाली विवाद को लेकर रोज-रोज के विवाद से गुस्साए सुनील सेन ने कुल्हाड़ी से 7 लोगों की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद वह कुल्हाड़ी लेकर ही घटनास्थल पर बैठा रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। बीते 17 मार्च 2021 को हनुमानताल में नाली में कचरा फेंकने के विवाद में सईद नाम के युवक की हत्या कर दी गई थी।



Log In Your Account