आधी रात को जिला अस्पताल पहुंचा आरोपी, वार्ड में भर्ती फरियादी को पेट्रोल डालकर लगाई आग; मारपीट के मामले में भर्ती था युवक

Posted By: Himmat Jaithwar
6/11/2021

सागर। सागर के जिला अस्पताल परिसर में गुरुवार रात चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मारपीट में घायल हुआ फरियादी अस्पताल में भर्ती था। इसी दौरान देर रात अस्पताल पहुंचे आरोपी ने पेट्रोल डालकर फरियादी को आग लगा दी। घटनाक्रम देख अस्पताल में हड़कंप मच गया। डॉक्टर व नर्सों ने आग को बुझाकर युवक को बचाया। पीड़ित को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गोपालगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गोपालगंज थाना प्रभारी उपमा सिंह ने बताया कि काकागंज निवासी दामोदर कोरी और पुरव्याउ टौरी निवासी मिलन माचे रजक के बीच रंजिश चल रही है। इसे लेकर दोनों के बीच बुधवार को विवाद और मारपीट हुई। दामोदर ने पुलिस थाने में शिकायत की। फरियादी दामोदर को एमएलसी के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टर ने उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया।

आग से झुलसा फरियादी।
आग से झुलसा फरियादी।

इसी बीच रात 12.30 बजे आरोपी मिलन माचे रजक अस्पताल परिसर में पहुंच गया। वह चुपचाप ओपीडी कॉम्पलेक्स में भर्ती दामोदर के पास पहुंचा। जेब से पेट्रोल की बोतल निकाली और दामोदर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

शौचालय के पास से कागज में आग लगाकर लाया था साथ
दामोदर अस्पताल परिसर की गैलरी में खड़ा था। इसी दौरान आरोपी मिलन पहुंचा। आरोपी कुछ देर पिलर के पास खड़ा हुआ और आगे बढ़ गया। शौचालय के पास पहुंचा। जेब से पेट्रोल की बोतल निकाली। डस्टबिन में पड़े कागज को निकाला और उसमें आग लगाई। इसके बाद आरोपी दौड़ा और दामोदर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना को अंजाम देकर आरोपी भाग निकला। यह घटनाक्रम अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।



Log In Your Account